उतरौला के शालीमार लॉन में वर-वधू की शादी कराते पंडित। संवाद
उतरौला। नगर स्थित एक मैरिज लॉन में सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 169 जोड़ों ने शादी रचाकर दांपत्य जीवन में प्रवेश किया। धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार एक-दूसरे का साथ निभाने का वचन लिया।
मैरिज लॉन में विवाह समारोह में भाग लेने के लिए सुबह से ही दूल्हा-दुल्हन व घर वाले पहुंचने लगे। सबसे पहले काउंटर पर पंजीकरण कराकर दूल्हा-दुल्हन के सामान प्राप्त किए। मंडप में पंडित व काजी ने अपनी-अपनी परंपरा के अनुसार वर-वधू का विवाह कराया। जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्त ने बताया कि 149 जोड़ो का हिंदू रीति-रिवाज व 20 जोड़ो का मुस्लिम परंपरा के अनुसार निकाह कराया गया है। उतरौला विधायक की प्रतिनिधि अनीता वर्मा व नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अनूप चंद्र गुप्त ने वर-वधू को दांपत्य जीवन में प्रवेश करने पर आशीर्वाद देते हुए उपहार भेंट किया।
वधू के खाते में पहुंचेंगे 60 हजार रुपये
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्त ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में प्रत्येक लड़की की शादी पर एक लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें 60 हजार रुपये लड़की के बैंक खाते में पहुंचे, 25 हजार रुपये का सामान वर-वधू को दिया गया। 15 हजार रुपये पंडाल, मंडप के सजावट व भोजन पर खर्च किए गए। सीडीओ ने बताया कि 27 मार्च को जिला मुख्यालय स्थित माया होटल में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा।