फोटो-31-बलरामपुर के पीएचसी जोकहिया में मरीजों का इलाज करते चिकित्सक ।-स्रोत :विभाग
बलरामपुर। छुट्टी के दिन मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने के लिए रविवार को जिले के 35 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 1650 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 560 पुरुष, 647 महिलाएं और 443 बच्चे शामिल रहे। मेले में बुखार और त्वचा रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जावेद अख्तर और डॉ. मोहसिन अली सिद्दीकी ने मरीजों का उपचार किया। दोपहर 12:20 बजे तक यहां 36 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जावेद अख्तर ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। मरीजों को अपनी सेहत का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुगौली में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एसके मिश्र ने मरीजों का उपचार किया। उन्होंने बताया कि इस मौसम में बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रहती है। यहां 45 मरीजों की जांच की गई।
देवीपाटन मंदिर परिसर में आयोजित स्वास्थ्य मेले में 58 मरीजों का उपचार किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने मेले का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। सीएचसी तुलसीपुर के अधीक्षक डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि यहां नौ दिनों तक स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाएं दी जाएंगी। आपात स्थिति में मरीजों की सुविधा के लिए एंबुलेंस और स्वास्थ्य टीमें तैनात की गई हैं।