बलरामपुर। जिले के सात केंद्रों पर 11 फरवरी से मदरसा बोर्ड की परीक्षा कराई जाएगी। 60 मदरसों के 4126 परीक्षार्थी दो पालियों में एग्जाम देंगे। नकलविहीन व सुचितापूर्ण ढंग से मदरसा परीक्षा कराने के लिए अल्पसंख्यक महकमा ने कमर कस ली है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पवन कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि मदरसा बोर्ड परीक्षा 2019 की तिथियां शासन ने निर्धारित कर दिया है। 11 फरवरी से दो मार्च के मध्य परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। प्रथम पाली प्रात: 8 से 11 बजे तक मुंशी व मौलवी की तथा द्वितीय पाली अपराह्न दो से पांच बजे तक आलिम, कामिल व फाजिल की परीक्षाएं कराई जाएंगी।
जिले के 60 मदरसों के मुंशी, मौलवी के 2082 तथा आलिम, कामिल व फाजिल के 2044 परीक्षार्थी दोनों पालियों में परीक्षा देंगे। डीएम कृष्णा करुणेश की अध्यक्षता में बैठक के दौरान सात परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए है।
गर्ल्स इंटर कॉलेज बलरामपुर, ताहिरा गर्ल्स इंटर कॉलेज तुलसीपुर, डॉ. राम मनोहर लोहिया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हुसैनाबाद ग्रंट, हाजी लाल मोहम्मद इंटर कॉलेज हुसैनपुर सादुल्लाहनगर, मदरसा जामिया मोईनिया निसवां कॉलेज उतरौला तथा मदरसा दारुल उलूम फजले रहमानिया पचपेड़वा तथा मदरसा जामिया अरबिया मदारुल उलूम विशुनपुर टनटनवा में मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं कराई जाएंगी।