योग से निरोग बनने की तैयारियों में जुटे जनपदवासी
- योग दिवस पर स्पोर्ट्स स्टेडियम में कराया जाएगा योगाभ्यास
- सरकारी व गैर सरकारी संगठनों ने शुरू कीं व्यापक तैयारियां
बलरामपुर। योग दिवस को लेकर जनपदवासियों ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। सरकारी व गैर सरकारी संगठनों के लोग इसकी तैयारियों में जुटे हैं। स्पोर्ट्स स्टेडियम में 21 जून को कार्यक्रम के दौरान लोगों को योग का अभ्यास कराया जाएगा।
तृतीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के लिए बीते दिन कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम राकेश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में बैठक की गई। इसमें डीएम ने योग का मानव जीवन में महत्व को समझते हुए लोगों को योग दिवस पर शामिल होने की अपील की। डीएम ने बताया कि, योग दिवस जनपद के साथ-साथ तहसील व ब्लॉक स्तर पर भी आयोजित किया जाएगा। सदर तहसील क्षेत्र में योग दिवस का कार्यक्रम प्रात: 5.30 से 7.30 बजे तक स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होगा। तुलसीपुर तहसील में रेलवे परिसर में योग शिविर का आयोजन होगा। उतरौला में रामलीला मैदान में योग दिवस आयोजित होगा। ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन करने के लिए खंड विकास अधिकारियों को स्थलों के चयन का निर्देश डीएम ने दिया है। डीएम ने सभी प्रशासनिक अफसरों को निर्देश दिया है कि योग दिवस का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। योग का प्रशिक्षण पतंजलि योग समिति के पदाधिकारी अजय मिश्र कराएंगे।
डीएम राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि स्पोर्ट्स स्टेडियम में 21 जून को आयोजित होने वाले योग शिविर में जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
इन्हें मिली जिम्मेदारी
स्पोर्ट्स स्टेडियम में योग दिवस की तैयारी के लिए डीएसओ बृजेश कुमार मिश्र, जिला आबकारी अधिकारी नीरज वर्मा व व्यापार मंडल पदाधिकारियों को प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग लगवाने का निर्देश दिया गया है। ईओ नगर पालिका राकेश जायसवाल को शहर में तीन दिन पहले लाउडस्पीकर से योग दिवस का प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि योग दिवस में प्रतिभाग करें। डीआईओएस राम सिंह को योग दिवस में स्कूली बच्चों को शामिल कराने तथा जिले के सभी सरकारी अफसरों व कर्मियों को योग शिविर में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस के अफसर व कर्मी भी होंगे शामिल
एसपी अभिषेक सिंह ने जनपद के सभी पुलिस अफसरों व कर्मियों को निर्देश दिया है कि 21 जून को योग दिवस पर सभी लोग सुरक्षा व्यवस्था में शामिल होंगे। अफसरों व कर्मियों का रूट चार्ट तैयार कराया जा रहा है। तीनों तहसीलों व सभी नौ ब्लॉकों में आयोजित होने वाले योग शिविर में पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। योग दिवस में व्यवधान डालने वालों के खिलाफ एसपी ने कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है।