बलरामपुर। प्रस्तावित लोकसभा चुनाव के लिए संचालित विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के बाद अपडेट सूचियों का प्रकाशन मंगलवार को किया गया। अभियान के दौरान जोड़े व हटाए गए मतदाताओं के बाद अब चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या 15,85,128 हो गई है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अब मतदाताओं की जागरूकता के लिए अभियान संचालित होगा।
पहली जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जिले में बीते वर्ष नवंबर व दिसंबर माह में विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया गया था। इसमें पात्रता पूरे करने वाले नए वोटरों का नाम जुड़वाने के साथ ही मृत व शिफ्ट हुए वोटरों का नाम हटाया गया। अभियान शुरू होने से पूर्व अक्तूबर 2023 में जिले में वोटरों की कुल संख्या 15,79,492 थी जो अभियान की समाप्ति के बाद अब 15,85,128 हो गई है। इस दौरान जिले में वोटरों की संख्या में 5636 की बढ़ोत्तरी हुई है।
मंगलवार को प्रकाशित मतदाता सूचियों में बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र में 418992, उतरौला विधानसभा में 426913, तुलसीपुर विधानसभा में 377515 तथा गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में कुल 361708 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम अरविंद सिंह ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मंगलवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है।
दूसरी तरफ मतदाता सूची प्रकाशन के साथ ही सूची में जोड़े व हटाए गए लोगों के नाम को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। विकासखंड तुलसीपुर के ग्राम कंदैला निवासी बंसराज, चंद्रावती व सुंदरा ने बताया कि प्रकाशित सूची में उनका नाम वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं है। तुलसीपुर तहसीलदार परमेश कुमार ने बताया है कि मामले की जांच कर कर लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई तय होगी।