रेहरा बाजार (बलरामपुर)। स्थानीय ब्लॉक के बूधीपुर ग्राम पंचायत के छोटकी डबरिया मजरे में 15 दिनों से 600 परिवार अंधेरे में रात काट रहे हैं। गांव के पास लगा ट्रांसफार्मर दुरुस्त न होने पर ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया है।
ग्रामीण राम नरेश, अनिल कुमार, कप्तान वर्मा, अमिरिका, वीरेंद्र, अनूप, बलराम, ननकन, चंद्रभान व सहजराम आदि ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि 15 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब है। ट्रांसफार्मर दुरुस्त न होने से 600 घरों के लोग ढिबरी के सहारे रात काटने को मजबूर है।
कई बार मांग के बाद भी न तो ट्रांसफार्मर बदला गया और न ही दुरुस्त कराया गया। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में ट्रांसफार्मर दुरुस्त कराए जाने और अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगवाए जाने की मांग की गई है।
एक्सईएन पावर कॉर्पोरेशन सुनील कुमार ने बताया कि संबंधित जेई को समस्या निराकरण कराने का निर्देश दिया गया है। शीघ्र ही समस्या निराकरण न होने पर संबंधित जेई के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।