313 बेटियों के हाथ पीले कराने की तैयारी
बलरामपुर। जिले में गरीब परिवारों की बेटियों के हाथ पीले कराने की कवायद शुरू कर दी गई है। जिलेभर के 313 बेटियों के हाथ पीले कराने पर एक करोड़ 60 लाख 65 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। जून के अंतिम सप्ताह में शुभ मुहूर्त में सामूहिक विवाह की शहनाइयां बजेंगी।
सामूहिक विवाह के प्रत्येक जोड़े पर 51-51 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। जिले के नौ ब्लॉकों तथा चार नगर निकायों से विवाह के लिए बेटियों की तलाश की जिम्मेदारी जिले के सभी ब्लॉकों के बीडीओ तथा नगर निकायों के ईओ को सौंपी गई है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी उमाशंकर प्रसाद ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2019-20 में जिले के अनुसूचित जाति व जनजाति, अन्य पिछड़े, अल्पसंख्यक तथा सामान्य वर्ग की गरीब बेटियों की शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कराई जाएगी।
योजना में गरीब परिवारों की बेटियों की शादी पर खर्च करने के लिए शासन से धनराशि मिल चुकी है। जून के अंतिम सप्ताह में शुभ मुहूर्त में सामूहिक विवाह कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा।
इस योजना के तहत वर-वधू के वैवाहिक जीवन को सुखमय बनाने के लिए प्रत्येक कन्या के बैंक खाते में 35 हजार रुपये आरटीजीएस से सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे।
प्रत्येक वर-वधू के कपड़ों व आभूषणों पर 10-10 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। विवाह-संस्कार, भोजन व टेंट आदि पर प्रत्येक जोड़ों पर छह-छह हजार रुपये व्यय किए जाएंगे। प्रत्येक जोड़े पर 51-51 हजार रुपये प्रदेश सरकार की तरफ से खर्च किया जाएगा।
सामूहिक विवाह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अति महत्वाकांक्षी योजना है। चालू वित्तीय वर्ष में 313 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराने के लिए शासन से एक करोड़ 60 लाख 65 हजार रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।
डीएम कृष्णा करुणेश ने बेटियों का विवाह करने में असमर्थ गरीब परिवारों से योजना का लाभ लेने की अपील की है। डीएम ने बीडीओ व ईओ को निर्देश दिया है कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ जिले के गरीब परिवारों को हर हाल में दिलाएं। इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ डीएम ने कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
सीडीओ अमनदीप डुली ने ब्लॉक सदर में 35, हरैया सतघरवा में 33, तुलसीपुर में 28, गैसड़ी में 23, पचपेड़वा में 22, उतरौला में 27, रेहरा बाजार में 24, गैड़ास बुजुर्ग में 21 तथा श्रीदत्तगंज में 19 जोड़ों की तलाश के लिए बीडीओ को तथा नगर पालिका परिषद बलरामपुर में 27, उतरौला में 21 और नगर पंचायत तुलसीपुर में 29 एवं पचपेड़वा में शादी के लिए 13 जोड़ों की तलाश के लिए ईओ को निर्देश दिया है।