सात शिक्षा क्षेत्रों के बीईओ से जवाब तलब
बलरामपुर। बिना स्वीकृति के 30 शिक्षकों के चिकित्सकीय अवकाश लेने पर जिले के सात शिक्षा क्षेत्रों के बीईओ का वेतन अग्रिम आदेश तक के लिए रोका गया है। मामले में इन सभी से जवाब तलब किया गया है।
सात दिन में संतोषजनक जवाब न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक अश्वनी कुमार जायसवाल की शिकायत पर बीएसए ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की है।
बीएसए हरिहर प्रसाद ने गुरुवार को बताया कि जिले के सात शिक्षा क्षेत्रों में बिना स्वीकृति के चिकित्सकीय अवकाश लेकर गायब पाए जाने पर 30 शिक्षकों का वेतन अग्रिम आदेश तक के लिए रोका गया है।
गायब इन शिक्षकों का बीईओ की तरफ से वेतन भुगतान के लिए वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय को सूची बिना जांच-पड़ताल के ही भेज दी गई। वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय से ऐसे शिक्षकों के बारे में जानकारी दी गई।
शिक्षा क्षेत्र सदर के आठ, गैड़ास बुजुर्ग के दो, गैसड़ी के एक, शिवपुरा के छह, पचपेड़वा के तीन, श्रीदत्तगंज के पांच, तुलसीपुर के दो तथा उतरौला के तीन शिक्षकों का बिना सूचना के चिकित्सकीय अवकाश लेने पर अग्रिम आदेश तक के लिए वेतन रोक दिया गया है।
इन सभी शिक्षा क्षेत्रों के बीईओ से जवाब तलब किया गया है कि ऐसे शिक्षकों के वेतन भुगतान के बिल तथ्यों को छिपाकर कैैसे तैयार किए गए हैं। सात दिन में संतोषजनक जवाब न देने पर संबंधित बीईओ के खिलाफ बीएसए ने विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है। बीएसए ने डीएम व अन्य उच्चाधिकारियों को भी मामले की अवगत करा दिया है।