श्रीदत्तगंज (बलरामपुर)। जांच के दौरान कोटेदार की राशन वितरण में झूठ की कहानी पकड़ में आई है। गरीबों का राशन न देने के आरोप में कोटेदार के खिलाफ केस दर्ज करा दिया गया है। पूर्ति निरीक्षक उतरौला ने उतरौला कोतवाली में मंगलवार को कोटेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
पूर्ति निरीक्षक उतरौला गिरीश चंद्र वर्मा ने मंगलवार को बताया कि डीएम कृष्णा करुणेश के निर्देश पर उतरौला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत पुरैना कानूनगो के कोटेदार के खिलाफ जांच की गई। इसमें पाया गया कि कोटेदार ने गरीबों को राशन वितरित नहीं किया है।
विभाग को झूठी रिपोर्ट प्रस्तुत की गई कि 97.12 प्रतिशत कार्डधारकों ने बिना आधार के ही खाद्यान्न उठाया है। मौके पर पहुंचकर कार्डधारकों से बात की गई तो उन्होंने स्पष्ट इंकार कर दिया कि उन्हें राशन ही नहीं दिया गया है। कोटेदार झूठी कहानी बना रहा है।
कार्डधारकों की शिकायत पर कोटेदार शाहजहां खानम के खिलाफ उतरौला कोतवाली में ईसी एक्ट के तहत केस दर्ज करा दिया गया है। भौतिक सत्यापन के लिए कोटेदार के पति ने दुकान का दरवाजा ही नहीं खोला और बहाना बनाकर टाल-मटोल करने लगा।
मई 2019 में उठाए गए राशन करीब 25.55 क्विंटल गेहूं व 21.90 क्विंटल चावल गरीबों को नहीं बांटा गया है जिसके चलते कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की गई है। एसडीएम उतरौला अरुण कुमार गौड़ को भी कार्रवाई से अवगत करा दिया गया है। एसडीएम के निर्देश पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।