यूरिया की कालाबाजारी का आरोप लगाकर किसानों का प्रदर्शन
बलरामपुर। यूरिया की कालाबाजारी का आरोप लगाकर किसानों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया। प्रति बोरी यूरिया पर 266.50 रुपये के स्थान पर 330 रुपये वसूलने पर किसानों में आक्रोश है।
किसानों ने उतरौला ब्लॉक के सहकारी समिति रेड़वलिया के सचिव व चौकीदार पर अवैध वूसली का आरोप लगाया है। डीएम को शिकायती पत्र भेजकर किसानों ने मामले जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। सचिव व चौकीदार ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
किसान मुमताज अंसारी, सत्यप्रकाश पांडेय, रामू पांडेय, जगराम वर्मा, हिदायतउल्ला, पुदुन यादव, मोहम्मद इसरार, राजेश वर्मा, कल्लू व कुदरुद्दीन आदि ने मंगलवार को उतरौला ब्लॉक के सहकारी समिति रेड़वलिया पर सचिव व चौकीदार के खिलाफ प्रदर्शन कर विरोध जताया।
किसानों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि यूरिया के लिए किसानों को परेशान किया जा रहा है। किसानों को यूरिया न देने के लिए रोज कोई न कोई बहाना बनाया जा रहा है।
किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रति बोरी यूरिया की निर्धारित कीमत 266.50 रुपये के स्थान पर 330 रुपये वसूला जा रहा है। सहकारी समिति रेड़वलिया के सचिव प्रेम सागर तिवारी व चौकीदार त्रिलोकी प्रसाद ने किसानों के आरोप बेबुनियाद बताया है।
मौके पर पहुंचकर एडीओ कोआपरेटिव सुखदेव पटेल ने किसानों को मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
किसानों को सरकार की तरफ से निर्धारित रेट पर यूरिया उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। समाचार पत्रों के माध्यम से भी नए रेट के बारे में प्रचार-प्रसार कराया गया है। किसानों के शिकायत को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच कराई जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
मनजीत कुमार, जिला कृषि अधिकारी