बलरामपुर के सदर ब्लॉक में जोड़े का गठबंधन कराते पंडित।-संवाद
बलरामपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को सदर ब्लॉक परिसर में समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 150 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर साथ जीवन बिताने की कसमें खाईं। इस दौरान वर-वधू को घर गृहस्थी का सामान उपहार स्वरूप भेंट किया गया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में सदर विकास खंड के 32, हरैया सतघरवा के 20, तुलसीपुर के 22, गैसड़ी के 15, पचपेड़वा के 05, उतरौला के 12, रेहरा बाजार के 29, गैड़ास बुजुर्ग के 04, श्रीदत्तगंज के 10 व नगर पालिका परिषद बलरामपुर के एक जोड़े का विवाह कराया गया। इसमें अल्पसंख्यक वर्ग के 37 एवं अन्य वर्ग के 113 जोड़े सम्मिलित हुए।
मुख्य अतिथि सदर विधायक पल्टूराम ने नव-दंपतियों को आशीर्वाद देते हुए खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना की। इस अवसर पर बीडीओ संजय कुमार, भाजपा नेता बृजेंद्र तिवारी व आकाश पांडेय आदि मौजूद रहे।