बलरामपुर। परिवहन विभाग की पहल पर 15 महिलाओं को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए हैं। बीते शुक्रवार को आरटीओ कार्यालय में मिशन शक्ति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने लाइसेंस के लिए पंजीकरण कराया था। एआरटीओ बृजेश ने बताया कि अभी लर्निंग लाइसेंस जारी हुआ है, छह महीने के भीतर स्थाई लाइसेंस प्रक्रिया को पूरा कराया जाएगा।
एआरटीओ ने महिलाओं को ड्राइविंग लाइसेंस के बारे में जानकारी दी गई है। बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की महिला या व्यक्ति का ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बनेगा। बिना ड्राइविंग लाइसेंस के कोई भी वाहन चलाना गैर कानूनी है। ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के लिए प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती है। कोई भी वाहन चलाने से पहले मूल दस्तावेज दुरुस्त होने चाहिए। बिना डीएल व अधूरे दस्तावेज के साथ वाहन चलाते समय पकड़े जाने पर जुर्माना लगता है। उन्होंने बताया कि मंजू तिवारी, गुड़िया गुप्ता कमलापुरी, कामिनी पांडेय, अंशिका सिंह, पिंकी गुप्ता, निर्मला जायसवाल, प्रिया सिंह, मेधावी दास, राधिका, कुसुम, रमा त्रिपाठी, बबली सिंह व ऐश्वर्या श्रीवास्तव सहित 15 महिलाओं को लर्निंग लाइसेंस जारी किया गया है।
परिवहन विभाग के प्राविधिक निरीक्षक प्रदीप सिंह ने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस में ऑनलाइन आवेदन के बाद कंप्यूटर पर टेस्ट होता है। टेस्ट में पास होने के बाद लर्निंग लाइसेंस बनाया गया है। इसकी वैधता छह महीने की है। छह महीने के अंदर फिर से एआरटीओ कार्यालय आना पड़ेगा। टेस्ट देने के बाद यदि पास होंगे तो स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बन जाएगा। आवेदन में दिए गए पते पर ही डाक के जरिए ड्राइविंग लाइसेंस घर पहुंच जाएगा।