बलरामपुर। लोकसभा चुनाव में मतदान प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने की जिम्मेदारी 15 हजार से अधिक कर्मचारी संभालेंगे। इन कर्मचारियों को चुनाव संबंधी कार्यों का प्रशिक्षण नामित मास्टर ट्रेनर करेंगे। इसके लिए मंगलवार को एक कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें मौजूद 60 मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया गया ताकि वह ड्यूटी में नामित कर्मचारियों को काम-काज के गुर सिखा सके। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यशाला को डीएम अरविंद सिंह व प्रभारी अधिकारी कार्मिक व सीडीओ संजीव कुमार मौर्य ने भी संबोधित किया।
डीएम ने मौजूद कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी के दौरान निष्पक्षता, कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता, शुचिता व समयबद्धता के पंच सूत्र का अनुपालन पूरी ईमानदारी से करने की नसीहत दी। साथ ही चेताया कि इसमें किसी भी तरह की ढिलाई मिलने पर चिह्नित के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में 8,146 मतदान कार्मिकों की आवश्यकता है। इसके लिए सभी विभागों में तैनात नियमित व संविदा के 15,049 हजार कार्मिकों का डाटा एनआईसी पर फ्रीज करा दिया गया है। बताया कि चयनित कर्मियों को अब मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षित करेंगे। इसके माध्यम से पीठासीन अधिकारियों के साथ ड्यूटी में नामित प्रथम, द्वितीय व तृतीय अफसरों को चुनाव ड्यूटी से जुड़ी बारीकियां सिखाई जाएगी।
कार्यशाला में मौजूद मास्टर ट्रेनरों को उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रदीप कुमार, पीडी चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, सहायक अभियंता लघु सिंचाई अनिरूद्ध कुमार यादव सहित अन्य अफसरों ने प्रशिक्षित किया।