बलरामपुर। जिला कौशल विकास मिशन की तरफ से मंगलवार को गैसड़ी ब्लॉक परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में निजी कंपनी के प्रतिनिधियों ने युवाओं का साक्षात्कार लिया। साक्षात्कार के आधार पर 146 युवाओं को विभिन्न पदों के लिए चयनित करते हुए 20 को नौकरी का आफर लेटर दिया गया।
मेले का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख जगदंबा सिंह व बीडीओ अवनीश कुमार पांडेय ने किया। जिला कौशल विकास मिशन के जिला प्रबंधक पंकज सिंह ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत ब्लॉक में रोजगार मेला लगाया गया। मेले में 230 बेरोजगार युवाओं ने नौकरी पाने के लिए पंजीकरण कराया। मेले में छह निजी कंपनियों ने स्टाल लगाकर युवाओं से आवेदन पत्र भरवाए गए। साक्षात्कार के आधार पर 146 युवाओं का चयन किया गया है। मौके पर 20 युवाओं को 13500 रुपये प्रति माह की नौकरी का आफर लेटर भी सौंपा गया।
दूसरी तरफ जिला कौशल विकास मिशन के तहत तुलसीपुर विकासखंड में रोजगार मेले का आयोजन 14 फरवरी को होगा। खंड विकास अधिकारी राजीव मोहन त्रिपाठी ने बताया कि रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट व स्नातक सहित आईटीआई करने वाले बेरोजगार युवा पंजीकरण करा सकते हैं। निजी कंपनियों के प्रतिनिधि युवाओं का साक्षात्कार लेकर नौकरी का ऑफर लेटर देंगे।