बलरामपुर। नगर पालिका दफ्तर से हाजिरी बनाकर गायब दो कर्मचारियों का वेतन काटा जाएगा। आठ जनवरी तक अतिक्रमण संबंधी रिपोर्ट ईओ से तलब की गई है। सड़क निर्माण की टेक्निकल टीम की रिपोर्ट पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सदर तहसील के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुमार हर्ष ने गुरुवार को नगर पालिका परिषद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रजिस्टर पर हाजिरी लगाकर बिना सूचना के गायब दो कर्मियों का वेतन काटने का निर्देश ईओ राकेश कुमार जायसवाल को दिया। कार्रवाई के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने परिसर के गेट भी बंद करा दिये थे।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने नगर पालिका के सभी दफ्तरों के हाजिरी रजिस्टर देखे। इसके बाद ग्राम समाज विभाग से अतिक्रमण संबंधी रजिस्टर मांगा गया लेकिन कोई भी अफसर व कर्मी रजिस्टर उपलब्ध नहीं करा सका। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने नाराजगी जताते हुए ईओ से आठ जनवरी तक नगर पालिका की जमीनों पर स्थाई व अस्थाई अतिक्रमण संबंधी रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर एमपीपी इंटर कॉलेज के सामने अवैध रुप से खड़े 20 वाहनों का चालान किया गया। 14वें वित्त से नगर के मेवालाल पुलिस चौकी से हनुमानगढ़ी मंदिर रानी तालाब जाने वाली सड़क निर्माण की टेक्निकल टीम के साथ निरीक्षण किया। एमपीपी इंटर कॉलेज के सामने नाला निर्माण की भी जांच की गई तथा पालिका रोड पर रसोई गैस सिलेंडर के वितरण की प्रक्रिया के संबंध में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने जानकारी ली और सिलेंडर की तौल भी कराई।