शहरी गरीबों को मिलेगा सस्ता केरोसिन
- साढ़े 36 हजार परिवारों में 7.28 लाख लीटर केरोसिन सप्लाई
अमर उजाला ब्यूरो
बलरामपुर। करोसिन सस्ता होने से गरीबों को थोड़ी राहत मिली है। जिले में सात लाख 28 हजार लीटर केरोसिन की सप्लाई होती है जिसे कोटेदारों के माध्यम से गरीबों को सस्ते रेट पर दिया जाता है। अधिक रेट से केरोसिन बेचने की शिकायत मिलने पर संबंधित कोटेदार का लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी है।
जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र ने बताया कि शासन से केरोसिन के दाम में कटौती की गई है। इससे करोसिन सस्ता हो गया है। कोटे की दुकानों पर मिलने वाला केरोसिन 1.05 रुपये सस्ता हुआ है जिसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। जिला मुख्यालय से दूरी के आधार पर रेट लागू होता है। नगर में 21.35 रुपये तथा पचपेड़वा में 21.80 रुपये प्रति लीटर केरोसिन की बिक्री पहले की जा रही थी। इसी रेट पर गांवों में भी केरोसिन कोटेदार बेंचते थे। रेट सस्ता होने से बलरामपुर में 20.30 रुपये, अधिकतम दूरी होने के चलते पचपेड़वा में 20.80 रुपये प्रति लीटर में करोसिन की बिक्री शुरु करा दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी ने अधिक रेट वसूलने वाले कोटेदारों के लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी है।