पैसेंजर ट्रेन में यात्रियों से लूटपाट
- पीड़ित यात्रियों ने ट्रेन के गार्ड को दी जानकारी
- मामले की छानबीन में जुटी जीआरपी
बलरामपुर। लखनऊ से चलकर बाया बलरामपुर-बढ़नी होते हुए नकहा जंगल गोरखपुर जाने वाली पैंसेजर ट्रेन में रविवार रात गोंडा से इटियाथोक के बीच में यात्रियों से लूटपाट का मामला सामने आया है। यात्रियों का कहना है कि उन्होंने मामले की जानकारी ट्रेन में चल रहे सुरक्षा गार्ड को दी थी। वहीं जीआरपी का कहना है कि उन्हें इस तरह की घटना की कोई सूचना नहीं मिली है।
बलरामपुर हरैया बाजार निवासी संसारमणि जायसवाल ने बताया कि रविवार को वह अपनी 10 वर्षीय बेटी का लखनऊ से इलाज कराकर नकहा जंगल जाने वाली पैंसेजर ट्रेन संख्या 55032 से वापस आ रहे थे। गोण्डा व इटियाथोक के बीच में अज्ञात लुटेरों ने उनसे पांच हजार नकदी छीन ली। इसके अलावा यात्री नगीना यादव का बैग गायब हो गया। वहीं चिल्हिया सिद्घार्थनगर के यात्री अली अहमद ने बताया कि उनका बोरे में बंधा बिस्तर व कपड़ा भी गायब हो गया। इन लोगों का कहना है कि हम लोगों ने मामले की जानकारी ट्रेन में मौजूद रेल सुरक्षा गार्ड मृत्युंजय राय को दी थी। गार्ड के आश्वासन पर हम लोग चले गए। इस संबंध में जब जीआरपी थाना रेलवे स्टेशन गोंडा प्रभारी चन्द्रेश गौतम से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस तरह की घटना के संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है। मामला संज्ञान में आया है। मामले की छानबीन कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।