बलरामपुर। दूसरे राज्यों से आने वाले प्रवासियों से जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को तीन रेलवे स्टेशनों पर जांच के दौरान मुंबई से लौटे 13 यात्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से चार लोगों को कोविड लेवल-2 हास्पिटल में तथा नौ लोगों को होम आइसोलेट किया गया है। सभी के संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।
एसीएमओ डॉ. एके सिंघल ने बताया कि होली व पंचायत चुनाव के कारण दूसरे प्रदेशों से घर लौट रहे कामगार जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ा रहे हैं। कोरोना पॉजिटिव केस की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिले के तीन रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज बस डिपो पर लगातार लोगों की जांच की जा रही है। शनिवार को मुंबई से घर लौटे 13 यात्रियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है।
इनमें गैसड़ी निवासी दो तथा गुलरिहा हिसामपुर, श्रीदत्तगंज, बलुआ-बलुई, बलरामपुर ग्रामीण, मुड़िला तुलसीपुर, कौवापुर, पुरैनिया तालाब बलरामपुर नगर, सादुल्लाहनगर, रतनपुर गैसड़ी, कुड़वा गैसड़ी व खारिया लालनगर तुलसीपुर निवासी एक-एक व्यक्ति शामिल हैं।
पॉजिटिव पाए गए चार यात्रियों में कोरोना का लक्षण होने पर उन्हें कोविड लेवल-2 हास्पिटल में शिफ्ट किया गया है। अन्य नौ यात्रियों में लक्षण न होने पर उन्हें होम आइसोलेट किया गया है। सभी के संपर्क में आए लोगों की तलाश की जा रही है। जिनका भी सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 89 हो गई है।