बलरामपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में बुधवार को चयनित 13 एआरपी के साथ बैठक की गई। बैठक को में मौजूद डायट प्राचार्य विष्णु श्याम द्विवेदी, बीएसए महेंद्र कुमार कन्नौजिया, वित्त एवं लेखाधिकारी अश्वनी कुमार जायसवाल, डीसी निरंकार पांडेय और सभी बीईओ ने एआरपी को उनके कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सभी 13 एआरपी एक माह में 390 स्कूलों का ब्योरा जुटाएंगे। प्रेरणा एप पर शैक्षणिक गतिविधियों का राज्य संदर्भदाता आकलन करेंगे।
राज्य संदर्भदाता महमूदुल हक, नवीन कुमार सिंह, आलोक कुमार शर्मा व प्रतिमा सिंह ने सभी एआरपी को स्कूलों के विजिट के दौरान कक्षाओं का अवलोकन करके निर्धारित मानक और सूचक प्रेरणा एप पर अपलोड कराने के बारे में जानकारी दी। लर्निंग आउटकम शिक्षण योजना, सहयोगात्मक परिवेक्षण पर भी चर्चा की गई। टूल्स परियोजना की आवश्यकता व महत्व के बारे में बताया गया। गतिविधि आधारित शिक्षण और डाटा विशलेषण के आधार पर कार्य योजना बनाने की रणनीति तय की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एआरपी व राज्य संदर्भदाता हर माह की 28 तारीख को आगामी स्कूल विजिट की रूपरेखा बनाकर डायट में जमा करेंगे और उसी के अनुसार परिवेक्षण का कार्य करेंगे। ब्लॉकों पर मासिक बैठक का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें हेडमास्टरों के साथ चर्चा की जाएगी और विद्यालय विकास योजना बनाई जाएगी। बैठक में सभी चयनित एआरपी मौजूद रहे।