स्पाेर्ट्स स्टेडियम में बस्ता व बड़ा परेड में मिलेगा वाहन
संवाद न्यूज एजेंसीबलरामपुर। लोकसभा सीट श्रावस्ती से जुड़े तीन विधानसभा क्षेत्रों में 25 मई को मतदान कराने की तैयारी तेज है। 24 मई को 1260 बूथों की पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। स्पाेर्ट्स स्टेडियम में बस्ता व बगल में स्थित बड़ा परेड ग्राउंड में वाहन मिलेगा। सभी पोलिंग पार्टियों व वाहन चालकों को समय से उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। सीडीओ संजीव कुमार मौर्य ने बृहस्पतिवार को स्टेडियम का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
सदर, तुलसीपुर व गैसड़ी विधानसभा क्षेत्रों में 25 मई को 1260 बूथों पर वोटिंग कराई जाएगी। सभी पोलिंग पार्टियों को स्पाेर्ट्स स्टेडियम में बस्ता, ईवीएम व वीवीपैट आदि चुनाव सामग्री देने के लिए टेंट की व्यवस्था करा दी गई है। बड़ा परेड में जीपीएस से लैस 780 छोटे-बड़े वाहनों का इंतजाम किया गया है।
बृहस्पतिवार को सभी वाहन चालकों को डीजल पर्ची का वितरण कर दिया गया है। सभी वाहन चालकों को 709 मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियों को पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। विधानसभा क्षेत्र सदर में 222, तुलसीपुर में 235 एवं गैसड़ी में 252 मतदान केंद्रों पर वाहनों से पोलिंग पार्टियों को भेजा जाएगा।
सीडीओ के साथ डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, पीडी चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव व डीसी मनरेगा सतीश कुमार पांडेय तैयारियों का जायजा लेने स्पाेर्ट्स स्टेडियम पहुंचे। पोलिंग पार्टियों के लिए तैयार किए जा रहे टेंट आदि व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि श्रावस्ती संसदीय सीट पर चुनाव के साथ गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव में मतदान कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
हर बूथ पर तैनात रहेंगे स्वास्थ्य कर्मी
भीषण गर्मी को देखते हुए मतदान के दिन सभी बूथों पर स्वास्थ्य कर्मी तैनात रहेंगे। तीन या इससे अधिक बूथ वाले केंद्रों पर कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर, दो बूथ वाले केंद्रों पर एएनएम व एक बूथ वाले केंद्र पर आशा की तैनाती रहेगी।
बलरामपुर के बड़ा परेड ग्राउंड में वाहन चालकों को पर्ची बांटते कर्मी।-संवाद