बलरामपुर। मामलों के निस्तारण और लोगों को न्याय दिलाने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में प्रदेश में अव्वल स्थान हासिल किया है। राष्ट्रीय लोक अदालत में एक साल के अंदर 16 हजार मामलों का आपसी सुलह समझौते के आधार पर निस्तारित कराया गया है। पांच हजार लोगों को जागरूकता व विधिक सलाह भी दिलाई गई है।
नई दिल्ली में आयोजित समारोह में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को सम्मानित किए जाने पर लोगों ने खुशी जताई है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्रीपाल सिंह ने बताया कि जिले के लोगों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष सर्वेश कुमार के निर्देशन में विधिक सेवाओं व सहायता के क्षेत्र में अभूतपूर्व सफलता अर्जित की गई है।
वर्ष 2017-18 में राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से 15 हजार 629 मामलों के निस्तारण आपसी सुलह समझौते के आधार पर कराए गए हैं। जिले के 11 गरीबों को निशुल्क वकील की व्यवस्था भी कराई गई है। संतोष कुमार सिंह, प्रभुदयाल व राम सिंह एवं अन्य के माध्यम से गरीबों को लीगल एंड क्लीनिक सहित अन्य माध्यमों से लाभान्वित किया जा चुका है।