अतिक्रमण हटाने से पहले दें नोटिस
व्यापारियों ने एसडीएम से की नियम के तहत कार्रवाई की मांग
तुलसीपुर नगर-बलरामपुर। नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान जल्द शुरू होगा। अतिक्रमण की समस्या को लेकर व्यापारियों ने एसडीएम से वार्ता की। एसडीएम ने सभी व्यापारी संगठनों को नियम के तहत कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। ईओ ने अतिक्रमण हटाने के संबंध में नगर के 20 लोगों को नोटिस जारी किया है।
नगर उद्योग व्यापार मंडल कंछल गुट के महामंत्री दिलीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में बीते दिन व्यापारियों ने एसडीएम को अतिक्रमण की समस्या से अवगत कराया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि करीब एक सप्ताह पूर्व अतिक्रमण हटाओ अभियान को अचानक दबाव के कारण रोक दिया गया। बार-बार परेशानियों से निपटने के लिए व्यापारियों की तरफ से यह मांग की गई कि अतिक्रमण करने वालों को पहले नोटिस जारी किया जाए। नोटिस के बाद यदि अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है तभी विधिक कार्रवाई की जाए। मिश्रा गुट के पदाधिकारी रुप चंद्र गुप्ता, रामजी आर्य, अजय गुप्ता, पाटेश्वरी गुप्ता, गुरमुख सिंह व भगवती सिंह आदि ने भी एसडीएम से मुलाकात कर जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
एसडीएम एसके त्रिपाठी ने दोनों गुटों को नियम के अनुसार कार्य करने का आश्वासन दिया। ईओ अनिल कुमार ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले 20 लोगों को नोटिस जारी किया गया है। अतिक्रमण न हटाने पर शीघ्र ही इन लोगों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।