- बलरामपुर के हरैया बाजार में खाद की दुकान पर जांच करती टीम। स्रोत विभाग
बलरामपुर। कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने जिलेभर में कीटनाशी विक्रेताओं की दुकानों की जांच की। बुधवार को तीनों तहसीलों में दो-सदस्यीय टीमों ने 24 दुकानों का औचक निरीक्षण कर अनियमितताओं के चलते कई विक्रेताओं पर शिकंजा कसा।
जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार ने बताया कि टीमों ने दुकानों पर उपलब्ध कीटनाशी दवाओं की गुणवत्ता, स्टॉक, रेट लिस्ट और बिक्री व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 12 कीटनाशी दवाओं के नमूने लिए गए, जिन्हें आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। कुछ दुकानदार दवाओं को निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बेचने और स्टॉक दर्ज न करने जैसी गड़बड़ियों में लिप्त थे।
अनियमितता पाए जाने पर चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं, कमियों के बावजूद सुधार की संभावना वाले छह विक्रेताओं को चेतावनी नोटिस दिया गया है। सभी उर्वरक, बीज और कीटनाशी दवाओं का विक्रय उचित दर पर एवं गुणवत्तापूर्ण करने का निर्देश दिया। कृत्रिम संकट पैदा करने, भंडारण करने या गलत मूल्य पर बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।