बलरामपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की प्री बोर्ड परीक्षा में बृहस्पतिवार को इंटरमीडिएट भूगोल विषय की परीक्षा कराई गई। भूगोल की परीक्षा में करीब 88 प्रतिशत विद्यार्थी शामिल हुए। नगर के एमपीपी इंटर कॉलेज में 12 छात्र एवं गर्ल्स इंटर कॉलेज में 19 छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी।
जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद के निर्देशन में बृहस्पतिवार को 147 माध्यमिक विद्यालयों में इंटरमीडिएट भूगोल विषय की प्री बोर्ड परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई गई। एमपीपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि इंटरमीडिएट भूगोल विषय की परीक्षा में पंजीकृत 70 छात्रों में से 58 विद्यार्थी शामिल हुए, वहीं 12 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। बलरामपुर गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. अन्नपूर्णा देवी ने बताया कि इंटरमीडिएट के भूगोल विषय में कुल 157 छात्राएं पंजीकृत थीं। इनमें से 138 छात्राओं ने परीक्षा दी, वहीं 19 छात्राएं अनुपस्थित रहीं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जिले में प्री बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई है। बृहस्पतिवार को इंटरमीडिएट भूगोल विषय की परीक्षा में करीब 88 प्रतिशत विद्यार्थी शामिल हुए हैं।