गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर किसानों ने किया प्रदर्शन
बलरामपुर। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर किसानों ने मंगलवार को उतरौला तहसील गेट पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। मिल प्रबंधनों पर करोड़ों रुपये किसानों का भुगतान न होने का आरोप लगाया।
शीघ्र गन्ना मूल्य का भुगतान न होने पर किसानों ने उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। धरना प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उतरौला तहसीलदार को सौंपा गया।
धरने में राष्ट्रीय किसान मंच उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शेखर दीक्षित ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की नीति व नीयत दोनों ही किसानों तथा जवानों के प्रति स्पष्ट नहीं है। देश का किसान खुशहाल तभी देश व प्रदेश की उन्नति संभव हो सकेगी।
अन्नदाताओं का शोषण किया जा रहा है। किसानों की आय कागजों में दोगुनी की जा रही है जिसका धरातल से कोई लेना-देना नहीं है।
धरना-प्रदर्शन के संयोजक व जिला पंचायत सदस्य चंद्र प्रकाश पांडेय ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते किसान आत्महत्या कर रहे है। चीनी मिलें किसानों का करोड़ों रुपये दबाए बैठी हैं।
धरने को शिवंबर प्रसाद मिश्र, प्रधान संघ अध्यक्ष सलाहुद्दीन, जीवनलाल, राम सोहरत, सद्दाम खां, बब्बू सिंह, कमलेश्वर सिंह, सतीश पांडेय, खलील शाह, अशेष श्रीवास्तव आदि ने कहा कि स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशे तत्काल लागू की जाए।
राप्ती व सरयू नहर की परियोजनाएं पूरा कराकर किसानों को पानी उपलब्ध कराया जाए। धरना प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उतरौला तहसीलदार नरेंद्र राम को सौंपा गया।