बलरामपुर में जर्जर हुई हरिहरगंज-ललिया संपर्क मार्ग।
बलरामपुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने के लिए एक बड़ी पहल की गई है। शासन द्वारा 113 सड़कों को अनुमोदन दे दिया गया है जिनका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। संबंधित ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत अधिकारियों और लेखपालों को निर्देशित किया गया है कि वे जल्द से जल्द गांवों में सर्वे कर मार्ग निर्धारण सुनिश्चित करें। ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।
बलरामपुर सदर क्षेत्र की 51, गैसड़ी की चार, गैड़ास बुजुर्ग की 28, पचपेड़वा की दो, रेहरा बाजार की आठ, श्रीदत्तगंज की नौ, तुलसीपुर की 10 और उतरौला की एक सड़क शामिल है। सभी संबंधित अधिकारियों को ट्रांजैक्ट वॉक के माध्यम से कार्रवाई शुरू करने के निर्देश पत्र के माध्यम से जारी कर दिए गए हैं। गैड़ास बुजुर्ग की निवासी मंजुला देवी ने बताया कि हमारे गांव में बरसात के दौरान पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है। अगर यह सड़क बन गई तो अस्पताल और बाजार जाना आसान हो जाएगा। वहीं, तुलसीपुर क्षेत्र के राम प्रसाद ने कहा कि अब लग रहा है कि सरकार ने हमारे गांव की भी सुनी है। सड़क बनने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी नहीं होगी।
सड़कों के निर्माण को शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। ग्राम पंचायत स्तर पर समन्वय बनाकर शीघ्र मार्गों का चिह्नांकन कराया जाएगा और गुणवत्ता युक्त निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा। ताकि ग्रामीणों को दीर्घकालिक लाभ मिल सके।
- हिमांशु गुप्ता, सीडीओ