सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए कर्मचारियों ने किया हवन
बलरामपुर। पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारी पूरी तरह लामबंद हो गए हैं। कर्मचारियों ने रविवार को सरकार के बुद्धि-शुद्धि के लिए बीएसए कार्यालय के सामने यज्ञ-हवन किया।
यज्ञ-हवन में 22 संगठनों के सदस्य शामिल हुए। कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन नीति बहाल न होने तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया है।
संयुक्त संघर्ष संचालन समिति के बैनर तले 22 संगठनों के लोग रविवार को बीएसए कार्यालय के सामने इकट्ठा हुए। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए पुरानी पेंशन बहाली के संबंध में सरकार की हठधर्मिता के खिलाफ आक्रोश जताया।
बुद्धि-शुद्धि यज्ञ करते हुए जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कमरुद्दीन अंसारी, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मोहित देव, अटेवा के पदाधिकारी इकबाल व पीडब्ल्यूडी कर्मचारी संघ के जिला मंत्री श्रीराम जायसवाल ने कहा कि पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा है।
सरकार ने पुरानी पेंशन व्यवस्था को बंद कर नई पेंशन नीति तैयार की है। नई पेंशन नीति कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। नई पेंशन नीति हम सभी लोगों को कतई बर्दाश्त नहीं है।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि जब तक पुरानी पेंशन नीति बहाल नहीं की जाएगी हमारा संघर्ष जारी रहेगा। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष राजमणि मिश्रा, बृजेश कुमार चौधरी, राधामोहन पांडेय, राधेश्याम यादव, अरुण कुमार पांडेय, विजय सिंह, अनिरुद्ध प्रताप तिवारी, नफीसा, अनुराधा सिंह, राजेश कुमार वर्मा सहित विभिन्न संगठनों के तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।