स्कूल संचालन में मिली लापरवाही तो कार्रवाई तय
-ग्रामीणों की शिकायत पर शिक्षिका के खिलाफ सख्त हुए डीएम
बलरामपुर। स्कूल संचालन में लापरवाही बरतने पर डीएम ने कठोर कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है। ग्रामीणों की शिकायत पर शिक्षिका के खिलाफ डीएम ने कड़ा रूख अख्तियार किया है। डीएम ने मामले में बीएसए से रिपोर्ट तलब की है। बीएसए की रिपोर्ट के आधार पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है।
सदर शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हरबसपुर के प्रधान अमरनाथ, रामछबीले, सुष्मा मिश्रा, दयाराम, सीतापति व राजीव आदि ने रविवार को जिला पंचायत सभागार में स्कूल में तैनात शिक्षिका के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की शिकायत की।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि स्कूल में आज तक ग्राम शिक्षा समिति का गठन नहीं किया गया है। प्रधान के खाते के साथ प्रधान के संयुक्त हस्ताक्षर से एमडीएम का अकाउंट भी नहीं खुलवाया गया है। स्कूल की शिक्षिका खाद्यान्न का उठान सीधे गोदाम से करती है। विद्यालय प्रबंध समिति के गठन में भी मनमानी की गई है। अभिभावकों के साथ अभद्रतापूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। डीएम राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की रिपोर्ट बीएसए रमेेश यादव से मांगी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।