बलरामपुर के पेहर बाजार में परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र जांचती शिक्षक ।-संवाद
बलरामपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा जिले के 66 केंद्रों पर चल रही है। मंगलवार को पहली पाली में हाईस्कूल चित्रकला तथा इंटरमीडिएट की सामान्य अध्ययन और कृषि रसायन विषय की परीक्षा कराई गई, जबकि दूसरी पाली में इंटरमीडिएट गृह विज्ञान और व्यवसाय विषय की परीक्षा हुई। दोनों पालियों की परीक्षा में कुल 19847 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 1062 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा रही।
हाईस्कूल चित्रकला विषय की परीक्षा में 18925 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 17954 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 971 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। वहीं इंटरमीडिएट सामान्य अध्ययन और कृषि रसायन विषय में पंजीकृत 187 में से 159 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, वहीं 28 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट गृह विज्ञान और व्यवसाय विषय की परीक्षा में कुल 1797 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1734 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, वहीं 63 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे।
नगर के एक केंद्र से परीक्षा देकर बाहर निकले हाईस्कूल के छात्र अंकित वर्मा ने बताया कि चित्रकला का पेपर आसान था और समय से पहले ही हल हो गया। छात्रा पूजा यादव ने कहा कि चित्र बनाने वाले प्रश्नों में अपनी कल्पनाशक्ति दिखाने का मौका मिला, जिससे परीक्षा देना रोचक लगा।
इंटरमीडिएट के छात्र राहुल मिश्रा ने बताया कि सामान्य अध्ययन का प्रश्नपत्र संतुलित रहा। वहीं छात्रा निधि तिवारी ने गृह विज्ञान का पेपर सरल बताया और कहा कि अच्छी तैयारी करने वालों के लिए प्रश्न हल करना आसान रहा।