फोटो-16-बलरामपुर में शिविर लगाकर श्रमिकों का पंजीकरण करते कर्मी ।-स्रोत : विभाग
उतरौला। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को अटल चौक पर श्रमिक स्वास्थ्य सम्मान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 102 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित कीं। चिकित्सकों ने श्रमिकों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया।
शिविर में श्रमिकों की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और परेशानी होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए जागरूक किया।
इस दौरान श्रम विभाग की ओर से श्रमिकों को भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीयन की प्रक्रिया और इससे जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्रता पूरी करने वाले छह निर्माण श्रमिकों का मौके पर ही पंजीयन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पंजीयन के बाद पात्र श्रमिक शासन की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले सकेंगे। शिविर में श्रमिकों को योजनाओं का लाभ पाने के लिए जरूरी औपचारिकताओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने पात्र श्रमिकों से बोर्ड में पंजीयन कराने की अपील की।