बलरामपुर। राशन वितरण के आधार फीडिंग में जिले के चारों नगरों ने दिसम्बर माह में प्रदेश की रैंकिंग में टॉप किया है। जिले के चारों नगरों के 98.1 प्रतिशत कार्डधारकों ने परिवार के सभी सदस्यों के आधार नंबरों का फीडिंग करा दिया है। जिले के चारों नगर निकायों में 90.7 प्रतिशत कार्डधारकों ने दिसम्बर माह में अंगूठा लगाकर राशन का उठान भी किया है।
जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र ने शुक्रवार को बताया कि नगर पालिका परिषद बलरामपुर व उतरौला तथा नगर पंचायत तुलसीपुर व पचपेड़वा के 21,225 के सापेक्ष 18,880 कार्डधारकों ने आधार नंबर फीड करा दिया है। आधार फीडिंग के मामले में जिले के चारों नगरों ने प्रदेश की रैंकिंग में 98.1 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
आधार फीडिंग के मामले में प्रदेश की रैंकिंग में 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ जौनपुर जिले को दूसरा, 97.2 प्रतिशत अंकों के साथ गोंडा जिले को तीसरा, 97 प्रतिशत अंकों के साथ संत कबीर नगर जिले को चौथा तथा 95.8 प्रतिशत अंकों के साथ फैजाबाद को पांचवां स्थान हासिल हुआ है।
ई-पॉश मशीनों से राशन वितरण में जिले के चारों नगरों ने प्रदेश की रैंकिंग में 90.7 प्रतिशत अंक अर्जित किया है। दिसम्बर 2018 में 21,225 के सापेक्ष 19,251 कार्डधारकों ने अंगूठा लगाकर राशन का उठान किया है।