हेलमेट नहीं लगाने पर 110 बाइक सवारों पर लगा 1.10 लाख का जुर्माना
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बलरामपुर। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया गया है। एक से 12 नवंबर तक यातायात माह के दौरान नियम तोड़ने व दस्तावेजों में कमी पर 1014 वाहन चालकों पर 13 लाख 75 हजार का जुर्माना भरा है। सात वाहनों को सीज भी किया गया है। इनमें जान जोखिम में ड़ालकर हेलमेट नहीं लगाकर वाहन चलाने वाले 110 बाइक सवारों ने 1.10 लाख का जुर्माना वसूला गया है।
प्रभारी निरीक्षक यातायात उमेश सिंह ने बताया कि बुधवार को जिले भर में वाहनों के चेकिंग का अभियान चलाया गया। बिना लाइसेंस के 181 वाहन चालकों पर 96 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। बिना हेलमेट के 110 बाइक सवारों पर एक लाख 10 हजार, ट्रिपलिंग में 14 बाइक सवारों पर 14 हजार, नो पार्किंग में खड़ी 38 वाहनों पर 20 हजार, एक वाहन में गलत नंबर प्लेट लगा होने पर पांच हजार, यातायात नियमों का पालन न करने वाले छह वाहनों पर 12 हजार एवं बिना बीमा के दो वाहनों पर चार हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
सीट बेल्ट न लगने वाले 10 चार पहिया वाहनों पर 10 हजार, तेज प्रेशर हॉर्न बजाने वाले एक वाहन पर 10 हजार, बिना फिटनेस वाले दो वाहनों पर दो हजार वसूला गया है। वहीं मोडिफाइड साइलेंसर पाए जाने पर दो हजार, चेकिंग के दौरान फिटनेस पेपर न दिखाने पर छह वाहनों पर तीन हजार व आरसी पेपर न दिखाने वाले 23 वाहन चालकों पर 11 हजार 500 रुपये जुर्माना लगा है। प्रदूषण पेपर न दिखाने वाले एक वाहन पर 500 रुपये, सड़क सुरक्षा नियम तोड़ने वाले छह वाहनों पर 600 रुपये और सड़क पर सांकेतिक बोर्ड का पालन न करने वाले तीन वाहनों पर 1500 रुपये का चालान किया गया है।