बलरामपुर/गोंडा। गुरुवार को जिले में प्राप्त कोरोना सैंपल जांच रिपोर्ट में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत तैनात गैसड़ी ब्लॉक में स्वास्थ्य कर्मी तथा कोरोना से मरे भाजपा नेता के परिवारीजन समेत आठ लोग पॉजिटिव मिले हैं। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। जिले में कुल एक्टिव केस की संख्या 31 हो गई है। वहीं गोंडा में गुरुवार को तीन लोग संक्रमित पाये गये हैं।
बलरामपुर के सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि गुरुवार को प्राप्त कोरोना जांच रिपोर्ट में नगर के मोहल्ला टेढ़ी बाजार में बीते दिनों कोरोना से मरे भाजपा नेता की पत्नी समेत परिवार के चार, भाजपा नेता का भंडारी निवासी मोहल्ला खलवा खानशामा तथा श्रीदत्तगंज व रेहरा बाजार ब्लॉक का एक-एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला है। जबकि एक व्यक्ति स्वास्थ्य कर्मी है जो कि गैसड़ी ब्लॉक में बीपीसीएम के पद पर तैनात है।
यह व्यक्ति गत 14 जून को पैतृक जनपद बस्ती गया था वहां से 27 जून को वापस ड्यूटी पर आया है। इसके अलावा बीते दिनों बलरामपुर नगर में कोरोना से मरे भाजपा नेता के परिवार के चार व अन्य ब्लॉकों के तीन लोग शामिल है। सीएमओ ने बताया कि महामारी अधिनियम के तहत मिले पॉजिटिव मरीजों के आसपास के एरिया को प्रदत्त निर्देशों के अनुसार हॉटस्पॉट घोषित कर सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सभी को लेवल-1 हॉपिस्टपल में शिफ्ट कराया जा रहा है।