सिकंदरपुर। बंशीबाजार स्थित ज्ञानकुंज एकेडमी के मैदान पर बृहस्पतिवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता हुई। इसका उद्घाटन विद्यालय के प्रबंधक डॉ. डीएन सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान वालीबाल प्रतियोगिता में झोरीडीह की टीम 7- 4 से विजई रही।
कबड्डी (बालिका) प्रतियोगिता जजौली और बिहरा के बीच हुई जिसमें जजौली की टीम 10-9 से विजई रही। इस खेल में अनुष्का, प्रज्ञा, किट्टू एवं अंशिका का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। एथलेटिक्स के ट्रैक एंड फील्ड के 300 मीटर महिला वर्ग की दौड़ में दीक्षा को प्रथम, डिंपल को द्वितीय, रागनी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं 100 मीटर पुरुष वर्ग की दौड़ में राहुल को प्रथम, अमन को द्वितीय एवं अभिनय को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। बालिका के लंबी कूद वर्ग में क्रमश आकांक्षा यादव को प्रथम, जागृति सिंह को द्वितीय, मनीषा यादव को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं ऊंची कूद में आकांक्षा यादव को प्रथम, मनीषा यादव को द्वितीय व अंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंत में कार्यक्रम के समापन संबोधन में विद्यालय के प्रबंधक डीएन सिंह ने कहा कि इस तरह का आयोजन सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने में अवसर प्रदान करता है। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सुधा पांडेय ने कहा कि इस तरह के खेलकूद के आयोजन से विद्यार्थियों में अनुशासन का गुण विकसित होता है। इस अवसर पर प्रांतीय रक्षक दल से चंद्रजीत यादव, राहुल मिश्रा और शिक्षक उपस्थित रहे। अंपायर की भूमिका आरपी सिंह, स्कोरर ऋतु सिंह, अंपायरिंग सनातन सिंह एवं पीयूष कुमार पांडे ने किया।