कोरोना वायरस के चलते पूरे देश में लॉकडाउन के बाद गैर प्रांतों से अपने घर व कस्बों में आने का क्रम जारी है। बाहर से आने वाले लोगों के लिए प्रशासन द्वारा गांव के प्राथमिक विद्यालयों को क्वांरटीन सेंटर स्थापित किया गया है। जहां 14 दिनों तक लोगों को रोककर खाने पीने की सुविधा उपलब्ध कराना है।
बाराडीह गांव में आए आधा दर्जन से अधिक लोगों को घरवालों ने जब सहारा नहीं दिया तो वे मजबूर होकर गांव के एक बागीचे को ही क्वारंटीन सेंटर बना लिया। इसमें अधिकतर सूरत और गुजरात के अन्य स्थानों से आए हैं। उन लोगों का कहना है कि हम लोगों को बाहर से कोई सुविधा नहीं मिल रही है। सारा सामान खुद ही खरीद कर खाना पड़ता है। भोजन तो दूर हम लोगों को पानी के लिए भी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।