लखनापार (बलिया)। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बिच्छीबोझ निवासी युवक की गोरखपुर में कार्य के दौरान मिट्टी के ढेर में दबने से मौत हो गई। परिजन और रिश्तेदार गोरखपुर के लिए रवाना हो गए। बिच्छीबोझ निवासी केशव गोंड का इकलौता पुत्र नीतीश कुमार (22) एसजीआई कंपनी में काम करता था। कंपनी का गोरखपुर में फाइबर वायर बिछाने का कार्य चल रहा है। रविवार को जेसीबी से सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में नीतीश अपने दो साथियों के साथ वायर बिछा रहा था।
इस दौरान मिट्टी का ढेर उनके ऊपर गिर गया और तीनों उसमें दब गए। साथियों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
चिकित्सकों ने नीतीश और अयोध्या निवासी उसके सहकर्मी को मृत घोषित कर दिया। तीसरे का उपचार गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। नीतीश के मौत की सूचना परिजनों को रात करीब 10:30 बजे कंपनी के कर्मचारियों ने फोन पर दी।