जयप्रकाशनगर। बैरिया थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद नौबरार (अठगावा) में सरयू नदी के घाट पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक युवक नदी में गिर गया। ग्रामीण उसे सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बैरिया थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद नौबरार (अठगावा) निवासी अमित कुमार चौधरी (30) पुत्र स्व. मदन चौधरी गांव में बसंत पंचमी पर रखी सरस्वती प्रतिमा को गांव के निकट नई बस्ती के समीप सरयू नदी में बने स्पर के पास विसर्जित करने के लिए ग्रामीणों के साथ बुधवार की शाम गया था। ग्रामीण प्रतिमा को नदी में रखकर उसकी परिक्रमा करने लगे तो उसी समय अमित अचानक नदी में गिर पड़ा। आनन फानन में ग्रामीण उन्हें तुरंत उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा लाए। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना गांव में पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी शिल्पी देवी और मां जानकी देवी बेसुध हैं। अमित तीन भाई है। दो भाई दिल्ली रहते हैं। दोनों के आने का इंतजार किया जा रहा था।