रसड़ा। क्षेत्र के महराजपुर चौहान बस्ती में रविवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में राधेश्याम चौहान (35) पुत्र स्व. बांकेलाल चौहान की मौत हो जाने से परिवार सहित पूरे गांव में कोहराम मच गया। सोमवार की सुबह पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेने के बाद जांच की।
राधेश्याम चौहान और उसकी पत्नी से काफी दिनों से विवाद चला आ रहा था। कुछ दिन पूर्व ही वह अपनी ससुराल सेमरी से अपनी पत्नी सहित दो पुत्रियों एवं एक पुत्र की विदाई कराकर अपने गांव महराजपुर लाया था। रविवार की रात घर में संदिग्ध परिस्थितियों में राधेश्याम की मौत हो गई। रात्रि में ही पत्नी की शोर पर आसपास लोग इकट्ठा हो गए। कोतवाल सौरभ कुमार राय ने बताया कि मामले की छानबीन की जारी है, पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। उधर, सायं को पुलिस अधीक्षक विपिन तांडा भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।