बेल्थरारोड। मधुबन मार्ग पर फतेहपुर मंडाव के पास बुधवार की रात नगर पंचायत वार्ड नंबर तीन अमुरतानी मोहल्ला निवासी मोहम्मद जफर सोनू (30) की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह मऊ स्थित अस्पताल में भर्ती मरीज को देखने बाइक से जा रहे थे।
बताया जाता है कि जफर बाइक पर सवार होकर मऊ जाने के लिए मधुबन मार्ग से होकर गुजर रहे थे। फतेहपुर मंडाव के पास ट्रक को ओवरटेक करने के बाद सामने से आ रही बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। इससे जफर सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान सामने से तेज गति से जा रहे चार पहिया वाहन ने जफर को कुचल दिया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर सुन शुभेच्छुओं में शोक की लहर दौड़ गई और उनके आवास पर लोगों का तांता लग गया। बृहस्पतिवार को जामा मस्जिद परिसर में जनाजे की नमाज अदा करने के बाद कब्रिस्तान में उन्हें नम आंखों के बीच उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। वह अपने सात भाइयों में दूसरे नंबर पर थे।