मनियर। थाना क्षेत्र के दुरौधं गांव में शनिवार की शाम सात बजे करेंट की जद में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना से गांव में कोहराम मच गया। घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, राजकुमार राजभर (38) पुत्र स्वर्गीय बालेश्वर राजभर निवासी दुरौधा अपने घर में विद्युत तार ठीक कर रहा था। इसी बीच बिजली आ गई और वह करंट के चपेट में आ गया। किसी तरह से घरवालों ने उसे करंट से छुड़ाकर इलाज हेतु मनियर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाए, लेकिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात तीन डाक्टर में कोई डॉक्टर नहीं होने की वजह से उसका इलाज नहीं हो सका। घंटों बाद हॉस्पिटल पर उपस्थित हुए किसी फार्मासिस्ट ने मौखिक बताया कि युवक की मौत हो चुकी है। मौके पर पहुंची पुलिस शव को पंचनामा करने के बाद शव को मर्चरी हाउस भेज दिया।