नगर पंचायत के वार्ड नंबर 14 ब्राह्मणपुरा में निर्मित आंगनबाड़ी भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। भवन की दीवारों में दरारें पड़ चुकी हैं। ऐसे में अपनी जान जोखिम में डाल कर आंगनबाड़ी के बच्चे भवन के अंदर बैठ कर पढते हैं।
यहीं नही भवन के ऊपर से एचटी तार भी गुजर रहा है। जर्जर भवन की कभी साफ सफाई भी नहीं होती है। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता है। आंगनबाडी कार्यकर्ता नौनिहालों को लेकर उसी भवन में बैठती हैं। भवन कब ध्वस्त हो जाएगा कहा नहीं जा सकता है।
श्रीभगवान पांडेय, संजय पांडेय का कहना है कि आंगनबाड़ी भवन जर्जर हो चुका है। बच्चों को उसमें बैठाना खतरे से खाली नहीं है। बाल विकास परियोजनाधिकारी विशाल यादव ने कहा कि आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत के लिए नगर पंचायत को पत्र भेजा गया है। पुन: स्मरण पत्र भेजा जाएगा।