मनियर। कस्बा स्थित सदर बाजार में बुधवार को बिजली का तार जोड़ते समय मंटू तुरहा (25) की मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। सूचना पाकर पूर्व विधायक भगवान पाठक आदि घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों को समझाया।
मंटू तुरहा पुत्र राजेंद्र तुरहा निवासी पटवा टोला वार्ड दो थाना मनियर टेंट का काम करता था। मनियर हॉस्पिटल के पास एक मैरिज हॉल में टेंट का कार्य कर रहा था।
घर खाना खाने जा रहा था। उसी समय एक पूर्व सभासद ने उससे कटरा सदर बाजार की दुकान में तार जोड़ने के लिए कहा। वह कटरा में सीढ़ी पर चढ़कर तार जोड़ रहा था। करंट से वह सीढ़ी से नीचे गिर गया। घटनास्थल पर मौजूद लोग देखकर भाग खड़े हुए। इसके बाद उसके घर के लोग पहुंचे। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया। समाचार लिखे जाने तक समझौता चल रहा था।
पूर्व चेयरमैन प्रदीप गुप्ता, पूर्व चेयरमैन भीम गुप्ता आदि थे। पत्नी रंभा, मां कलावती, भाई बबलू का रो-रो कर बुरा हाल था।
थानाध्यक्ष कौशल कुमार पाठक ने बताया कि युवक के शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।