चौकियामोड़। उभांव थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत बेल्थरारोड के वार्ड 10 बीबीपुर में सोमवार को मोहम्मद तालिम (28) का शव संदिग्ध हालत में मिला है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो युवक के कमरे से नशीली दवाएं, सिरिंज बरामद हुई। पुलिस को अंदेशा है कि युवक की मौत अत्यधिक नशा करने से हुई है।
मो. तालिम निवासी बेतिया, पश्चिम चंपारण (बिहार) जिले के बीबीपुर में किराये की मकान में रहकर पेंटिंग का काम करता था। सोमवार की सुबह जब काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो लोगों ने जाकर देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस ने पहंुचकर जांच की। पुलिस के अनुसार शव को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि युवक रविवार की रात मुहर्रम के जुलूस में मातम करने के बाद लौटा था।
पीठ और सीने के दोनों तरफ निशान मिले हैं। उभांव थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटना की जांच कराई गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। युवक की मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।