सुखपुरा कस्बा के पूरापर मोहल्ले में मंगलवार की रात एक युवक फंदे से झूलकर आत्महत्या कर लिया। सूचना पर पहुंची सुखपुरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
कस्बा के पूरापर मोहल्ला निवासी शशिकांत उपाध्याय (32) पुत्र स्वामी नाथ उपाध्याय भिलाई में अपने परिवार के साथ रहता था, जहां वह प्राइवेट में कोई काम करता था। एक सप्ताह पूर्व वह अकेले भिलाई से सीधे अपनी ससुराल बभनौली (बेरूआरबारी) आया। वहां कुछ दिन रूकने के बाद मंगलवार की शाम वह अपने घर आया और रात में उसने धोती का फंदा बनाकर पंखे से झूल गया। जिससे उसकी मौत हो गयी। इस समय उसके घर पर कोई नहीं था।
लखनऊ से उसकी भाभी शोभा उपाध्याय ने यहां एक पड़ोसी के यहां फोन कर कहा कि शशिकांत फोन नहीं उठा रहा, जरा घर जाकर देखिये कि वह कहां है। पता चला कि वह अपनी ससुराल में झगड़ा कर आया है। पड़ोसी ने जब घर जाकर देखा तो दरवाजा खुला था। जब वह अंदर गया तो वह पंखे से लटकते हुए मिला।
इसके बाद पड़ोसी ने इसकी सूचना तत्काल थाना सुखपुरा और उसके भाभी को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार यादव अपने सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटना के बारे में पूछताछ किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये बलिया भेज दिया।