बैरिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोनबरसा स्थित 100 बेड के अस्पताल में चिकित्सीय कार्य 31 जुलाई से चालू करने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है लेकिन बिजली, फायर सार्विस, ऑक्सीजन प्लांट का काम और चिकित्सकों के आवास की फिनिसिंग अभी बाकी है।
राष्ट्रीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक सुरेश चंद्र राय ने बताया कि काम लगभग पूरा है। बिजली, फायर व चिकित्सकीय आवास का काम 10 दिनों में पूरा करके अस्पताल को हैंडओवर कर कर दिया जाएगा। ऑक्सीजन संबंधी काम अस्पताल प्रशासन का है। अस्पताल प्रशासन खुद कराएगा। लोकार्पण 23 जनवरी 2024 को तत्कालीन सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त की ओर से किया जा चुका है। सीएमएस डाॅ. काजिम ने बताया कि जो ऑक्सीजन प्लांट लगा है, वह सीएचसी के लिए लगा है। अभी 100 बेड के अस्पताल में ऑक्सीजन पाइपलाइन का काम होगा। जब तक ऑक्सीजन संबंधी कार्य पूरा और बिजली तथा फायर सार्विस से एनओसी नहीं मिलती है, तब तक अस्पताल को कैसे चालू किया जाएगा।
अस्पताल का निर्माण पूरा करने में 18 महीने की अपेक्षा सात वर्ष से ज्यादा का समय लग गया। कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम को 29.27 करोड़ के सापेक्ष सिर्फ पांच प्रतिशत धनराशि छोड़कर समूची धनराशि शासन से मिल चुकी है। शेष पांच प्रतिशत भुगतान अस्पताल हैंडओवर होने के बाद होगा। दो वर्ष पहले 11 करोड़ से ज्यादा की जांच मशीनें अस्पताल के लिए लाकर गोदामों में रखी गई हैं। दो मई 20216 को 100 बेड अस्पताल के निर्माण की घोषणा तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लक्ष्मण बाबा द्वाबा राष्ट्रीय इंटर कालेज के मैदान से की थी।