बलिया। नगर के मालगोदाम के समीप शुक्रवार की शाम ट्रक की चपेट में घायल महिला शिक्षिका की मौत उपचार के लिए वाराणसी लं जाते वक्त हो गई। इसकी सूचना मिलते ही शिक्षा जगत शोक की नहर दौड़ गई। वहीं परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बता दे कि नगरा थाना क्षेत्र के गोठाई गांव निवासी प्रधानाध्यापक स्व. सुरेश चंद्र तिवारी की पुत्री श्वेता तिवारी (25) शिक्षा क्षेत्र नगरा के प्रावि पांडेयपुर पर बतौर सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात थी। श्वेता तिवारी शुक्रवार को एससी कालेज में इग्नू की परीक्षा देकर अपने भाई दिलीप के साथ स्कूटी से घर जा रही थी। जैसे ही वह मालगोदाम चौराहा पर पहुंची कि रेलवे के माल गोदाम से आ रहे ट्रक ने स्कूटी को चपेट में ले लिया। जिसमें श्वेता गंभीर रूप से घायल हो गयी। आसपास के लोगों ने उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें वाराणसी ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गयी।