बांसडीह। कोतवाली थाना क्षेत्र के बांसडीह-नारायणपुर मार्ग पर रविवार को आंबेडकर तिराहा के समीप ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान ई-रिक्शा पर सवार 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी छोटी बहन जख्मी हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।
चिंता देवी पत्नी राजेश यादव निवासी उससा थाना पकड़ी अपने छोटे भाई शनि यादव की शादी में शामिल होने के लिए हालपुर आई थी। शनि का सोमवार को तिलक था। उसी की खरीदारी के लिए चिंता देवी अपनी बहन सुनीता (32) के साथ बाजार गई थी। लौटते समय बांसडीह-नारायणपुर मार्ग पर आंबेडकर तिराहा पर ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में चिंता देवी की मौत हो गई।
छोटी बहन सुनीता को हल्की चोट आई। आसपास के लोगों ने बांसडीह पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बांसडीह थाना प्रभारी योगेंद्र प्रसाद सिंह मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छोटी बहन को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य बांसडीह पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार हुआ।