भीमपुरा। नगरा-मझवारा मार्ग पर बुधवार की अपराह्न बरौली बाजार के समीप दो बाइकों की टक्कर में एक महिला की मौके पर मौत हो गई जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं महिला के शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मऊ जनपद के घोसी कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव निवासी मानती देवी (45) वर्ष अपने भाई विनय कुमार के साथ छोटी बहन से मिलने के लिए नगरा थाना क्षेत्र के सिकरहटा गांव आई हुई थी। वह बहन से मिलने के बाद बुधवार को बाइक से अपने घर जा रही थी कि नगरा- मझवारा मार्ग पर बरौली बाजार के समीप सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। जिससे बाइक सवार महिला की मौके पर मौत हो गई जबकि उसका भाई विनय गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि दूसरा बाइक सवार सुरक्षित रहा। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल विनय से जानकारी लेने के बाद परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।