हल्दी। विकास खंड बेलहरी के ब्लाक मुख्यालय सोनवानी में शनिवार को हुए प्रमुख पद के चुनाव पर जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव का असर दिखा। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार ने जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की तर्ज पर अपने समर्थक क्षेत्र पंचायत सदस्यों को सुबह 10.30 बजे ही मतदान केंद्र पर पहुंचा दिया। इससे वोटर की भीड़ लग गई। इसी में यहां भी एक महिला फजी वोट डालने के प्रयास में घुस गई। हालांकि पकड़े जाने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। ब्लाक प्रमुख चुनाव में सुबह से ही एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के मतदाताओं को अपनी ओर जबरदस्ती लाने का प्रयास करते देखे गए। मामला यहां तक आ गया कि एक पक्ष के समर्थक दूसरे पक्ष के मतदाता का प्रमाणपत्र लेने के लिए आपस में भिड़ गए। मारपीट शुरू हो गई। मारपीट और हो-हल्ला मचा देख ड्यूटी में लगी फोर्स मौके पर पहुंच गई और बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा। इसी दौरान, बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह मौके पर आए और ब्लॉक परिसर में जाने की कोशिश करने लगे। इसे देख एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसमें कई लोगों के कपड़े फट गए। आखिरकार विधायक को पीछे हटना पड़ा। पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। चुनाव की समाप्ति तक दोनों पक्ष के कद्दावर नेता डटे रहे। आरओ लोकेश कुमार मिश्रा, मजिस्ट्रेट गुलाब चंद्रा, क्षेत्राधिकारी राजीव तिवारी, दुबहर थानाध्यक्ष, खंड विकास अधिकारी धनप्राप्त यादव आदि रहे।