बांसडीह रोड। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शेर के दूधीपुर गांव में सोमवार शाम नाली की पाइप साफ कर रही 62 वर्षीय महिला को विषैले सांप ने डंस लिया। सर्पदंश के बाद हालत बिगड़ने पर परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रोते-रोते बुरा हाल रहा। दूधीपुर निवासी शांति देवी पत्नी केदार वर्मा शाम घर के पास नाली की पाइप की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान पाइप के पास छिपे सांप ने उन्हें डंस लिया। घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।